नई दिल्ली, 27 सितंबर 2020। देश के पूर्व रक्षा मंत्री जसवंत सिंह का 82 साल में आज निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए लिखा- ‘जसवंत सिंह जी ने पहले एक सैनिक, फिर राजनीति में सक्रियता के जरिए हमारे देश की लगन से सेवा की। अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार में उन्होंने कई अहम मंत्रालय संभाले और वित्त, रक्षा व विदेश क्षेत्र में अपनी गहरी छाप छोड़ी। पीएम मोदी ने कहा कि उनके निधन से दुखी हूं।
ज्ञात हो कि जसवंत सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। साल 2014 में घर में बाथरूम में गिरने के कारण उन्हें सिर में गंभीर चोट आई थी जिसके बाद से वो कोमा में थे। जसवंत सिंह एनडीए की अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे थे। वाजपेयी जी की सरकार में जसवंत सिंह ने विदेश, रक्षा और वित्त जैसे बड़े मंत्रालय का काम संभाला।
साल 1957 से लेकर 1966 तक जसवंत भारतीय सेना में रहे। इसके बाद वे राजनीति में आ गए।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी जसवंत सिंह के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया- वयोवृद्ध सैनिक, उत्कृष्ट सांसद, असाधारण नेता और बौद्धिक श्री जसवंत सिंह का निधन चिंताजनक है। उन्होंने कई कठिन भूमिकाओं को सहजता और समानता के साथ जोड़ा। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
जसवंत सिंह के निधन पर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा नेता राम माधव ने भी शोक जताया है।